चांडिल : सातनाला डैम में नहाने के दौरान जमशेदपुर के युवक की हुई मौत
चांडिल। सरायकेला – खरसावां जिले के कपाली ओपी अंतर्गत डोबो स्थित सातनाला डैम में आए दिन जमशेदपुर अथवा अन्य क्षेत्रों के लोगों की डूबने से मौत हो रही हैं। यहां जमशेदपुर के विभिन्न क्षेत्रों से लोग मौज मस्ती करने आते हैं, जिनमें सबसे ज्यादा युवा वर्ग ही होते हैं। यहां मौज मस्ती के दौरान डैम के लबालब पानी को देखकर नहाने को कूद पड़ते हैं और देखते ही देखते उनकी मौत हो जाती हैं। युवाओं को डैम के पानी की गहराई और भौगोलिक स्थिति की जानकारी नहीं होती हैं और वह तैरना भी नहीं जानते हैं। इसके कारण डूबकर मौत हो रही हैं। एक महीने पहले 29 अप्रैल को ही कदमा भाटिया बस्ती के रहने वाले राहुल मंडल नाम के युवक की मौत हुई थी। यह चिंता का विषय है कि आए दिन जमशेदपुर के युवा सातनाला डैम में डूबकर मर रहे हैं। प्रशासन को इसके लिए स्थायी समाधान खोजने की जरूरत है।
शुक्रवार को जमशेदपुर के भुइयांडीह, ग्वाला बस्ती के 16 वर्षीय अमन यादव की सातनाला डैम में डूबने से मौत हो गई। बताया जाता है कि अमन यादव अपने तीन दोस्त पप्पू यादव, प्रिंस कुमार व अर्जुन चौधरी के साथ शुक्रवार की सुबह डैम पहुंचा था। यहां चारों दोस्त डैम के पानी में नहा रहा था कि इसी दौरान अमन यादव डूबने लगा, जिसे अन्य तीन दोस्तों ने बचाने का प्रयास किया था लेकिन वह बचाने में असफल रहा। अमन यादव के डूबने की सूचना उसके दोस्तों ने परिजनों को दी, जिसके बाद पुलिस को जानकारी मिली। शुक्रवार देर शाम तक शव की खोजबीन की गई लेकिन नहीं मिली। स्थानीय गोताखोरों ने भी शव की खोजबीन का प्रयास किया था लेकिन दूर दूर तक शव का अता पता नहीं चल पाया।
आज सुबह से एनडीआरएफ की टीम ने मोर्चा संभाला और महज 2 घंटे में ही मृतक अमन यादव के शव को पानी की गहराई से खोजकर बाहर निकाला। इस घटना की खबर से भुइयांडीह, ग्वाला बस्ती में मातम छा गया है। आज सुबह जब एनडीआरएफ टीम शव की खोजबीन कर रही थी तो उसे देखने को काफी भीड़ जमा हो गई थी। वहीं, शुक्रवार शाम को जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय भी पहुंचे थे और मामले की जानकारी ली। बताया जाता है कि मृतक अमन यादव दसवीं कक्षा का छात्र था, वह बाल ज्ञानपीठ हाई स्कूल का छात्र था।