स्वीप कार्यक्रम के तहत ईचागढ़ प्रखंड में महिलाओं ने चलाया मतदाता जागरूकता अभियान
सरायकेला – खरसावां। लोकतंत्र का महापर्व लोकसभा आम निर्वाचन 2024 के मद्देनजर स्वीप कार्यक्रम के तहत देशभर में चुनाव आयोग द्वारा विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज सरायकेला – खरसावां जिला अंतर्गत ईचागढ़ प्रखंड के प्रखंड परिसर में मतदाता जागरूकता अभियान एवं शपथ ग्रहण अभियान चलाया गया। यह अभियान मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
ईचागढ़ प्रखंड के विभिन्न गांव, टोला समेत मतदान केंद्रों में बीएलओ द्वारा लोकसभा चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वीप के तहत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम किया जा रहा है। बुधवार को विभिन्न मतदान केंद्रों में बीएलओ द्वारा अभियान चलाया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। वहीं, लोगों को लोकतांत्रिक देश का जिम्मेदार नागरिक होने के नाते अपने मत का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अलावा मतदान के महत्व तथा निर्वाचन प्रणाली के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही 1950 वोटर हेल्पलाइन नंबर के बारे में जागरूकता बढ़ाने और सभी को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज हो। यदि किसी का नाम मतदाता सूची में नहीं है तो उसे बीएलओ के माध्यम से या वोटर हेल्प लाइन एप के माध्यम से फॉर्म 6 अवश्य भरने और प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। उन्हें शपथ दिलाई गई कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। साथ ही अपने घरों व आस पड़ोस के लोगों को मतदान के लिए जागरूक करने का हर संभव प्रयास करेंगे।लोगों को अपने स्तर पर मतदाताओं को जागरूक करने लिए अपनी सकारात्मक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।