कल दोपहर को प्लेन के लापता होने की खबर ने सनसनी मचा दी है। अनुमान लगाया जा रहा है कि प्लेन क्रैश हो गया है अथवा इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई हैं। लेकिन अबतक उक्त ट्रेनी प्लेन के संबंध में किसी तरह की पुष्टि नहीं हुई हैं। कल दोपहर से लेकर अबतक विभिन्न समाचार पोर्टलों द्वारा अपुष्ट खबरों को प्रचारित किया जा रहा है। कमजोर और तुच्छ सोर्स को आधार बनाकर खबरों को प्रचारित किया जा रहा है, इससे रेस्क्यू ऑपरेशन प्रभावित हो रही हैं। विभिन्न पोर्टल तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्लेन क्रैश होने की अलग अलग स्थान बताकर प्रशासन को भी दिग्भ्रमित किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने इस संबंध में अपील किया है कि किसी भी तरह के अपुष्ट खबरों को पोर्टल अथवा सोशल मीडिया पर प्रचारित न करें।
एक तरफ पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा थाना अंतर्गत आमाबुरु और आमदा पहाड़ी के बीच ट्रेनी प्लेन क्रैश होने की संभावनाओं को देखते हुए मंगलवार देर रात तक जिला प्रशासन खोजबीन कर रही थी। इस बीच सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल डैम उक्त प्लेन क्रैश होने की सूचना सामने आने से हर कोई हैरान हैं। डैम के आसपास के गांवों में रहने वाले एक दो स्थानीय लोगों ने दावा किया है कि उन्होंने प्लेन को डैम के पानी में गिरते हुए देखा है, जिसके आधार पर प्रशासन ने खोजबीन शुरू कर दी है। मंगलवार रात को एनडीआरएफ टीम को खबर कर दी गई थी। वहीं, आज सुबह से स्थानीय गोताखोरों एवं एनडीआरएफ टीम द्वारा डैम के गहरे पानी में प्लेन की खोजबीन की जा रही हैं।
कुल मिलाकर अबतक जिन संभावित क्षेत्रों में प्लेन की खोजबीन की जा रही हैं, उसके पीछे कोई पुख्ता आधार नहीं है। प्रशासन और एटीसी की तकनीकी सेल को भी अबतक कोई सफलता हाथ नहीं लगी है। समाचार लिखे जाने तक चांडिल डैम में एनडीआरएफ टीम की खोजबीन जारी थी, लेकिन प्लेन का कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।