सीएम की कुर्सी पर सोरेन परिवार का एकाधिकार, हेमंत सोरेन ने ही फिर एक बार साबित किया : संजय सेठ
चांडिल। केंद्रीय राज्यमंत्री सह रांची के सांसद संजय सेठ सोमवार को ईचागढ़ विधानसभा के दौरे पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने सबसे पहले चौका में सपन साव द्वारा दादुर बागान में नवनिर्मित लक्ष्मी नारायण मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा एवं भंडारा में शामिल हुए। इसके बाद मंत्री संजय सेठ चांडिल के चिलगु स्थित आजसू पार्टी के प्रधान कार्यालय पहुंचे और आजसू केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो से मुलाकात की। इस अवसर पर हरेलाल महतो ने संजय सेठ का स्वागत किया, साथ ही क्षेत्र के विभिन्न समस्याओं की जानकारी दी।
दोपहर को मंत्री संजय सेठ पूर्व निर्धारित ईचागढ़ विधानसभा भाजपा द्वारा आयोजित कार्यक्रम आभार अभिनंदन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। चांडिल स्टेशन स्थित कम्युनिस्ट हॉल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री संजय सेठ ने कार्यकर्ताओं की भूरी भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और लगन से हमें प्रचंड जीत हासिल हुई हैं। लगातार पांच साल तक तथा चुनाव के समय कड़ी परिश्रम करके कार्यकर्ताओं ने उन्हें जीत दिलाने का काम किया है, इसलिए जीत का श्रेय एक – एक कार्यकर्ता को ही जाता है।
उन्होंने कहा कि उनके जैसे एक साधारण कार्यकर्ता को पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है, इसे निभाना उनका प्रथम दायित्व है। संजय सेठ ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि हेमंत सरकार वादाखिलाफी सरकार है। इस सरकार ने एक भी वादा पूरा नहीं किया। उन्होंने मीडिया के सामने सवाल खड़े करते हुए कहा कि क्या पांच लाख नौकरी मिली? क्या बेरोजगारी भत्ता दी? क्या विस्थापन आयोग बना? चांडिल डैम के विस्थापितों को न्याय मिल क्या? संजय सेठ ने कहा कि राज्य में बिजली की स्थिति कैसी है, जनता को बिजली नहीं मिल रही हैं, ट्रांसफार्मर नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर हमला बोलते हुए कहा कि जेल से निकलते ही कुर्सी के लिए कसरत शुरू कर दी। हेमंत सोरेन ने फिर एक बार साबित कर दिया है कि सीएम की कुर्सी पर केवल सोरेन परिवार का ही एकाधिकार है। उन्होंने कहा कि चंपई सोरेन एक अच्छे नेता हैं, दो महीने के लिए उन्हें सीएम रहने देना चाहिए था।
आभार अभिनंदन समारोह के दौरान मंत्री संजय सेठ ने भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच उपहार स्वरूप छाता वितरण किया। वहीं, कतार में खड़े कार्यकर्ताओं को स्वयं भोजन परोसा। इस अवसर पर भाजपा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिनेशानंद गोस्वामी, जिलाध्यक्ष उदय सिंहदेव, जिला महामंत्री मधुसूदन गोराई, पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार, राकेश सिंह, अनिता पारित आदि ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।