चांडिल : शिबू सोरेन के मित्र एवं सुप्रसिद्ध होटल मालिक साह का निधन
चांडिल। चांडिल के नेशनल हाइवे रांची – टाटा लेन पर स्थित सुप्रसिद्ध “होटल गिरिधारी” के मालिक गिरिधारी साह का निधन हो गया। वह झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद गुरुजी – शिबू सोरेन के मित्र थे। आज सुबह ही चांडिल के टीचर्स कॉलोनी स्थित आवास पर उन्होंने अंतिम सांस ली। करीब 35 वर्ष पहले उन्होंने चांडिल में आकर होटल व्यवसाय शुरू किया था, इससे पहले बोकारो के जैना मोड़ पर उनका ढाबा चलता था। बताया जाता है कि जब स्वर्गीय गिरिधारी साह बोकारो में ढाबा चलाते थे, उस समय शिबू सोरेन अलग झारखंड आंदोलन की अगुवाई कर रहे थे। उन दिनों शिबू सोरेन अपने समर्थकों के साथ अक्सर गिरिधारी साह के ढाबे पर चाय – नाश्ता करने जाते थे। इसी दौरान दोनों के बीच मित्रता बनी थी। सूबे की राजनीति में बडी हस्ती के रूप में पहचान बनने के बाद भी शिबू सोरेन चांडिल आते – जाते स्वर्गीय गिरिधारी साह के साथ मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जानते थे। स्वर्गीय गिरिधारी साह को संजय साह और अजय साह दो पुत्र हैं। संजय साह पेशे से अधिवक्ता हैं, जबकि अजय साह अपने पिता के होटल व्यवसाय का संचालन करते हैं।