आए हैं साक्षात रघुनन्दन अवध में सबका अभिनंदन, साधु संतों का लगा जमावड़ा
जगह जगह कीर्तन और वंदन
जमशेदपुर। अयोध्या में प्रभु रामलला के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर समूचे विश्व में सनातन धर्म को मानने वालों में हर्षोल्लास का माहौल बन गया है। इस बीच प्रभु श्रीराम को लेकर अनेकों गीत लिखे और गाए जा रहे हैं, जिन्हें यूट्यूब चैनलों पर देखा और सुना जा रहा है। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म भी राममय हो चुका है। इस बीच जमशेदपुर के वरिष्ठ रचनाकार डॉ यमुना तिवारी व्यथित ने भी एक स्व बढ़कर एक प्रस्तुति दी है। उन्होंने अपने रचनाओं को हमारे साथ साझा किया है। डॉ यमुना तिवारी व्यथित जमशेदपुर के जाने माने रचनाकार हैं जो देश के हर प्रमुख विषयों पर आधारित अपनी रचनाएं लिखते हैं। जमशेदपुरवासी उनके रचनाओं की दीवाने हैं।
यहां पढ़िए डॉ यमुना तिवारी व्यथित की रचनाएं
सज गया अयोध्या धाम
हर जुबाँ पर जय श्रीराम,
सदियों बाद यह शुभावसर
दूर हो गये अवरोध तमाम।
रामलला विराजे गर्भगृह में
बाइस जनवरी का इंतजार,
मंदिर में सर्वत्र गूंज रहा है
ऋषियों के मुख से मंत्रोच्चार।
भव्य दिवाली की तैयारी
उस दिन देखेगा सारा संसार,
धरा पर तो उतरेगा स्वर्ग
अद्भुत लगेगा हर घर द्वार।
जन जन देखें प्रतिष्ठा समारोह
सरकार ने घोषित की अवकाश,
त्रेता अस सुषमा सर्वत्र प्रकट
उर आंगन में दर्शन का हुलाश।
कितना पावन मंगलमय
बाइस का समारोह अनन्य,
प्राण प्रतिष्ठा उत्सव के साक्षी
बड़ भागी जन वे धन्य धन्य।
कोटि कोटि जन दूरदर्शन में
पुलकित मंदिर को निहार,
कलाकार हमारे अति धन्य
हुनर से स्वर्ग को दिया उतार।
…………………………….
जय श्रीराम की गूंज सर्वत्र
अयोध्या में भक्ति का मेला,
सरग से बढ़कर सजी है नगरी
सब प्रभु राम का अद्भुत खेला।
आए हैं साक्षात रघुनन्दन
अवध में सबका अभिनंदन,
साधु संतों का लगा जमावड़ा
जगह जगह कीर्तन और वंदन।
करिए रामलल्ला का दर्शन
सनातन संस्कृति का चिंतन,
जागृत हुआ यह सारा देश
देश विमुखों का हो रहा हनन।
बाइस को होगी प्राण प्रतिष्ठा
प्रभु का तो अलौकिक दर्शन,
सारा विश्व हो रहा आलोकित
सारी सृष्टि ही कर रही नमन।
अन्न का तो कर दिया त्याग
पीएम कर रहे कठिन अनुष्ठान,
नारियल पानी व फल का सेवन
सब देव करें सबका कल्याण।