भाजपा में शामिल होने की अटकलों पर पूर्व सीएम ने कहा – हम जहां पर हैं वहीं पर हैं, निजी काम से आए हैं दिल्ली……..
झारखंड के पूर्व सीएम तथा झामुमो के वरिष्ठ नेता चंपई सोरेन के भाजपा में जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं। लगातार बीते तीन दिनों से चंपई सोरेन के भाजपा में शामिल होने की खबरों ने तूल पकड़ा है। कल शाम को चंपई सोरेन कोलकाता पहुंचे थे, जहां भाजपा नेताओं से मुलाकात करने की बात सामने आ रही हैं। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। आज वह कोलकाता से दिल्ली के रवाना हुए, जहां दिल्ली एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत की, जिसपर उन्होंने दो टूक शब्दों में बताया है कि वह जहां हैं वहीं पर हैं!
पूर्व सीएम चंपई सोरेन ने मीडिया से कहा कि वह दिल्ली आते जाते रहते हैं, अपने निजी काम से दिल्ली आए हैं। दिल्ली में उनकी बेटी रहती हैं, उससे मुलाकात करेंगे। भाजपा में शामिल होने के सवालों पर चंपई सोरेन ने कहा कि वह अभी जहां पर हैं वहीं पर हैं। उनका कहना है कि वह वर्तमान समय में झामुमो के मंत्री हैं और वहीं पर हैं। लेकिन मीडिया के सवालों का चंपई सोरेन ने स्पष्ट जबाव नहीं दिया। मीडिया लगातार यह पूछती रही कि वह भाजपा का दामन थामने जा रहे हैं या नहीं? स्पष्ट रूप से हाँ या नहीं का उन्होंने कोई जबाव नहीं दिया है।
आज सुबह से झारखंड समेत देश की राजनीतिक खबरों में चंपई सोरेन चर्चाओं में हैं। कहा जा रहा है चंपई सोरेन के साथ झामुमो के कई विधायक और नेता भी हैं जो दिल्ली में आज भाजपा की सदस्यता लेंगे।