चांडिल। बीते बुधवार शाम को ईचागढ़ भाजपा के दो गुटों में आपसी हिंसक झड़प हुई थी। इस मामले में भाजयुमो जिला मंत्री आकाश महतो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के बाद से ही राजनीति का बाजार गर्म है। ईचागढ़ भाजपा के कार्यकर्ताओं में तनाव का माहौल बना हुआ है। बता दें कि बुधवार शाम को चांडिल थाना के मारपीट, छिनतई व धमकी देने की घटना का ज़िक्र करते हुए भाजपा के सारथी महतो समर्थक चिलगु निवासी गुरुचरण महंती ने बिनोद राय, आकाश महतो व छोटू के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। मामले में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बिनोद राय, आकाश महतो, छोटू तथा अन्य 12 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। गुरुचरण महंती द्वारा चांडिल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराने के तत्काल बाद ही पुलिस ने बिनोद राय समर्थक आकाश महतो को गिरफ्तार कर उसे हाजत में बंद कर दिया था। थाने में शिकायत करने के तत्काल बाद ही पुलिस द्वारा की गई सक्रिय कार्रवाई भी कई सवालों को जन्म दे रही हैं। चर्चा है कि आकाश की गिरफ्तारी के लिए सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों तरफ से बड़े बड़े हस्तियों ने नंबर डायल किया था।
गुरुवार सुबह आकाश महतो के बेहोश होने की बात पर पुलिस उसे चांडिल अनुमंडलीय अस्पताल लाई, जहां से बेहतर इलाज के लिए पुलिस हिरासत में जमशेदपुर के एमजीएम में भर्ती कराया गया। पर, मामले में अब नया मोड़ सामने आया है। शुक्रवार को चांडिल थाना में और एक शिकायत किया गया है। बिनोद राय, आकाश महतो व छोटू आदि के खिलाफ मामला दर्ज कराने वाले सारथी महतो समर्थक चिलगु निवासी गुरुचरण महंती के विरुद्ध एक महिला ने शिकायत की है। महिला ने गुरुचरण महंती के ऊपर छेड़खानी करने का आरोप लगाई है। शिकायत में कहा गया है कि चांडिल थाना क्षेत्र के बामुनडीह की रहने वाली महिला (शिकायतकर्ता) 17 जनवरी को जयदा मेला से अपने घर लौट रही थी। उसके घर के समीप मोटरसाइकिल से आकर गुरुचरण महंती ने छेड़खानी की। वहीं, छेड़खानी के दौरान बीच बचाव में आए फुलचाँद मांझी को गुरुचरण महंती ने जाति सूचक गाली गलौज किया है। इन आरोपों के साथ महिला ने चांडिल थाना में शिकायत की है। इस दौरान महिला के साथ कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
ये दो अलग अलग शिकायत के सार्वजनिक होने के बाद अब लोगों के मन में सवाल खड़े हैं कि क्या बुधवार की शाम वाकई में भाजपा के दो गुटों में आपसी झड़प और मारपीट हुई थी? या फिर वर्चस्व स्थापित करने की नीयत से एक मनगढ़ंत कहानी तैयार किया गया है? क्या बिनोद, आकाश व छोटू पर लगाए गए आरोप झूठे हैं? अथवा गुरुचरण महंती द्वारा दर्ज कराए गए शिकायत को झूठा साबित करने की एक रणनीति है? कुल मिलाकर थाने में किए गए दोनों शिकायत कई सवालों के घेरे में है।
बहरहाल, बुधवार शाम तथा शुक्रवार को थाने में गए दोनों मामलों की निष्पक्ष जांच के पीछे ही बामुनडीह से जुड़े घटना की राज छिपी हुई हैं। जब पुलिस दोनों ही शिकायत की गहनता से निष्पक्ष जांच करेगी, तब दोनों शिकायत की सच्चाई सामने आएगी, साथ ही ईचागढ़ भाजपा के गुटबाजी से भी पर्दा उठेगा।
गुटबाजी पर पूर्णविराम लगाने का प्रयास विफल
बुधवार शाम से लेकर अबतक भाजपा जिला समिति अथवा आलाकमान की ओर से किसी तरह का बयान सामने नहीं आया है। न ही सभी गुटों को एकसाथ लाने की पहल हुई हैं। संगठन में अनुसाशन ही प्राथमिकता और संगठन ही सर्वोपरि की दंभ भरने वाले भाजपा के रांची सांसद संजय सेठ ने चुप्पी साध ली है। यहां तक की ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में अपने आगमन पर सांसद ने मीडिया को भनक तक लगने नहीं दी। वहीं, ईचागढ़ विधानसभा में अलग अलग गुटों का नेतृत्व कर रहे नेता विभिन्न कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं। हालांकि, शुक्रवार को भाजपा के सरायकेला – खरसावां जिला समिति ने चांडिल में एक गुप्त बैठक की। बैठक में गुटबाजी पर पूर्णविराम लगाने की चर्चा की गई, लेकिन वह प्रयास विफल हो गया। अंततः ईचागढ़ भाजपा के गुटबाजी को खत्म करने के लिए प्रदेश समिति के ऊपर छोड़ दिया गया। अब प्रदेश समिति ही ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में भाजपाइयों की गुटबाजी को खत्म करने का प्रयास करेगी।