कुकडू : बनगौड़ा में आठ परिवार के घर जलकर खाक, लाखों का हुआ नुकसान – एसडीओ शुभ्रा रानी ने लिया जायजा, पीड़ित परिवारों को उपलब्ध कराई राहत सामग्री
चांडिल। सरायकेला – खरसावां जिले के कुकडू प्रखंड के बनगौड़ा में बीती रात करीब 12:30 बजे आग लगने से कुल आठ परिवार के घर जलकर खाक हो गया है। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में हाथियों का प्रकोप बढ़ गया है। आए दिन जंगली हाथियों का झुंड गांवों में घुसकर जान माल को क्षति पहुंचाने का काम कर रही हैं। लोग अपने गांव से हाथियों को भगाने के लिए विभिन्न प्रकार के हथकंडे अपनाते हैं। जबकि, हाथियों को भगाने का काम वन विभाग की है लेकिन वन विभाग की सुस्ती के कारण बार बार हाथी गांवों में घुस कर तोड़फोड़ मचा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि बीती रात को बनगौड़ा गांव में जंगली हाथियों का झुंड घुस आया था और घरों को तोड़ रहा था। इस दौरान ग्रामीणों ने टॉर्च लाइट व पटाखे फोड़कर हाथियों को खदेड़ दिया था। इस दौरान हाथियों ने बिजली के पोल को टक्कर मारकर गिरा दिया। करंट दौड़ रही 220 वोल्ट की तार समेत बिजली के पोल घरों में गिर गया और शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते एक के बाद आठ घरों में आग लग गई। पुआल और खपरैल के घरों में धूं धूं आग लग गई और सबकुछ खाक हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार बनगौड़ा गांव के प्रेम चाँद महतो, संतोष महतो, बिनोद महतो, धर्मु महतो, सुनील महतो, मनोज महतो, बिरेन महतो, जितेंद्र नाथ महतो की घर जलकर नष्ट हो गई हैं। आग लगने से इन परिवारों को काफी नुकसान हुआ है। इनके घरों में रखे पशुधन बकरी, खस्सी, मुर्गा, मुर्गी, भेंड़ इत्यादि जलकर मर गए हैं। वहीं, घर में रखे नकद राशि, आवश्यक कागजात, बिस्तर, कपड़े इत्यादि सबकुछ जलकर राख हो गया है। हाथियों के उत्पात से परेशान ग्रामीण वन विभाग के प्रति काफी नाराज हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के कारण ही यह घटना घटी है।
आज चांडिल एसडीओ शुभ्रा रानी ने बनगौड़ा गांव पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पीड़ित परिवारों का ढांढस बंधाया। वहीं, पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई। पीड़ित परिवारों को तत्काल घरों को ढंकने के लिए तिरपाल उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा राशन व कपड़े वितरण किए गए। एसडीओ शुभ्रा रानी ने पीड़ित परिवारों हर संभव सहयोग देने की बात कही। उन्होंने सरकारी योजनाओं के तहत पीड़ित परिवारों को लाभ दिलाने में प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया है।