रांची पहुंचने वाले हैं सीएम हेमंत सोरेन? आवास पर दिखा काफिला
रांची। कथित जमीन घोटाले में घिरे झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। सोमवार को दिल्ली से रांची तक हेमंत सोरेन के ठिकानों पर ईडी की टीम पहुंची। लेकिन हेमंत सोरेन नहीं मिले। ईडी ने दिल्ली स्थित उनके आवास से बीएमडब्ल्यू कार और कुछ कागजात जब्त किए हैं। झारखंड की सत्ताधारी पार्टी जेएमएम का कहना है कि उनके नेता को बदनाम करने की साजिश रची जा रही है।
जेएमएम का कहना है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ईडी को ईमेल के जरिए 31 जनवरी को सीएम आवास में दिन के एक बजे पूछताछ के लिए समय दिया है। वहीं, ईडी ने उन्हें दिल्ली कार्यालय में पेश होने को कहा है। रांची में मुख्यमंत्री आवास, राजभवन, जेएमएम और भाजपा कार्यालय समेत सभी संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
सूत्रों का दावा है कि सीएम हेमंत सोरेन रांची पहुंचने वाले हैं। थोड़ी देर पहले सीएम का काफिला देखा गया। काफिला दिखने से ऐसी अटकलें लग रही हैं। सूत्रों का कहना है कि दिल्ली से झारखंड (रांची) तक हेमंत सोरेन बाई रोड पहुंचने वाले हैं। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
झामुमो कार्यकर्ताओं में आक्रोश, जगह कह विरोध प्रदर्शन
सीएम हेमंत सोरेन के विरुद्ध ईडी की कार्रवाई से झारखंड की राजनीति में हलचल मची हुई हैं। वहीं, झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं में आक्रोश व्याप्त है। राज्यभर के झामुमो नेता व कार्यकर्ता ने भाजपा तथा ईडी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रेस कांफ्रेंस, प्रदर्शन इत्यादि के माध्यम से विरोध दर्ज किया जा रहा है। सोमवार को सीएम हेमंत सोरेन के दिल्ली आवास पर ईडी के पहुंचने की खबर के बाद झारखंड में झामुमो कार्यकर्ताओं व आदिवासी संगठनों ने कई जगह सड़क जाम कर दिया था। वहीं, भाजपा नेताओं के खिलाफ नारेबाजी की।