खाद्य आपूर्ति विभाग के मंत्री बनाए जाने के बाद एक्शन मोड में बन्ना गुप्ता – नोवामुंडी एफसीआई गोदाम में औचक निरीक्षण में पाया सड़े हुए हजारों नमक पैकेट
सरायकेला – खरसावां। खाद्य आपूर्ति विभाग का पदभार संभालने के बाद मंत्री बन्ना गुप्ता गरीबों के थाली तक अन्न पहुंचे इसके लिए लगातार गोदामों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं। इसका परिणाम हैं कि चाहे मंत्रालय हो या पीडीएस दुकानदार सभी रेस हो गए हैं। लगातार अधिकारी भी अपने स्तर से मॉनिटरिंग कर रहे हैं। स्टॉक रजिस्टर अब अपडेट किया जा रहा हैं।
मंत्री बन्ना गुप्ता ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि यदि किसी ने भी अनाज की चोरी करने या अनियमितता बरतने की कोशिश की तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी को बक्शा नहीं जायेगा, जरूरत पड़ने पर जेल भेजा जायेगा।
पिछले दिनों रांची व जमशेदपुर के बाद आज मंत्री बन्ना गुप्ता सरायकेला प्रखंड के झारखंड स्टेट फूड कारपोरेशन के गोदाम में पहुंचे। जब गड़बड़ी पाई तो अधिकारियों को जमकर फटकार लगाया, उपस्थित अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई और भविष्य में गड़बड़ी नहीं करने की चेतावनी दी।
इसके बाद पश्चिम सिंघभूम के झींकपानी और नोवामुंडी स्थित गोदामों का भी निरीक्षण किया। वहां भी गड़बड़ी पाई गई हैं, जिसके बाद उन्होंने उच्च अधिकारियों को दोषियों के विरुद्ध विभागीय कार्यवाई करने का निर्देश दिया हैं। बता दें कि आज मंत्री बन्ना गुप्ता ने नोवामुंडी गोदाम का निरीक्षण किया, जहां हजारों पैकेट में सड़े हुए नमक पाए गए। इसको लेकर मंत्री बन्ना गुप्ता ने काफी नाराजगी जताई है।