कांदरबेड़ा में गणतंत्र दिवस के अवसर पर दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ
चांडिल। प्रखंड के कांदरबेड़ा में प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी गणतंत्र दिवस के अवसर पर दो दिवसीय भव्य फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई हैं। गणतंत्र दिवस के पूर्व संध्या पर फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर गुरुवार को बतौर मुख्य अतिथि के रूप में सूबे के सीएम हेमंत सोरेन के मामा चारु चांद किस्कू एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में झामुमो के वरिष्ठ नेता सुखराम हेम्ब्रम शामिल हुए। इस अवसर पर झामुमो के वरिष्ठ नेता तरुण डे भी मौजूद थे।
इस दौरान आयोजक मंडली के सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए झामुमो के वरिष्ठ नेता सुखराम हेम्ब्रम ने कहा कि हमारे झारखंड प्रदेश का गठन स्वाभाविक नहीं है, बल्कि इसके लिए हमारे पूर्वजों ने अपने प्राणों की आहुति दी है। हमारे पूर्वजों के छाती पर गोलियां चलाईं गई, लाठी डंडे की मार झेलनी पड़ी, अनगिनत केस दर्ज हुए हैं। हमारे पूर्वजों ने लंबे समय तक संघर्ष किया, जीवन के अनमोल समय का त्याग दिया है। उसके फलस्वरूप हमें अलग झारखंड राज्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि झारखंडी कला, यहां की प्रसिद्ध फुटबॉल व हॉकी खेल, झूमर संगीत व नृत्य, छौ, पाइका आदि नृत्य, छापल छपल नृत्य, संथाली ड्रामा आदि संस्कृति समेत हमारी हासा – भाषा ही हम झारखंडियों का मुख्य परिचय है। हम सभी झारखंडियों को अपने भाषा – हासा, संस्कृति और रीति रिवाजों के संरक्षण के लिए एकजुट होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने अपने जीवन के अनमोल समय को झारखंड के लिए त्याग कर दिया, तभी जाकर हम झारखंडियों को देश दुनिया में पहचान मिली है। इसलिए दिशोम गुरु के त्याग का कर्ज चुकाने के लिए हम सभी को समर्पित होकर राज्य हित में चिंतन करने की जरूरत है।