ईचागढ़ के कुटाम में संदेहास्पद स्थिति में मादा हाथी की मौत
चांडिल। ईचागढ़ थाना क्षेत्र के कुटाम गांव के टोला चोगाटांड़ में संदेहास्पद स्थिति में एक मादा हाथी की मौत का मामला सामने आया है। आज सुबह जंगल के समीप लोगों ने मृत पड़े हाथी को देखा, जिसके बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई हैं। वहीं, मृत हथिनी को देखने को प्रखंड क्षेत्र के हजारों लोग उमड़ पड़े हैं। स्थानीय लोग मृत हाथी की पूजा अर्चना कर रहे हैं। वहीं, अपने फोन के कैमरे में मृत हाथी की फोटो और वीडियो बना रहे हैं। कई लोग हाथी को छू भी रहे हैं और इस अनुभव को महसूस कर रहे।
इधर, मामले की जानकारी प्राप्त होने के बाद चांडिल रेंज के वन विभाग अधिकारी ईचागढ़ के लिए निकल चुके हैं। हालांकि, अबतक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मादा हाथी की मौत का कारण क्या है? स्थानीय लोगों के अनुसार हथिनी की उम्र करीब 20 वर्ष होगी। बताया जा रहा है कुटाम गांव के आसपास हाथियों के एक बड़े झुंड को बीती रात विचरण करते हुए देखा गया था।
बता दें कि बीते दो साल से जंगली हाथियों का प्रकोप पूरे चांडिल अनुमंडल समेत आसपास के क्षेत्र में है। आए दिन हाथियों का झुंड लोगों के घरों को तोड़ रहे हैं। भोजन की तलाश में हाथी लगातार भटक रहे हैं। हाल के दिनों में एक हाथी चांडिल बाजार तक पहुंच गया था, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।