मंत्री बन्ना गुप्ता पहुंचे सरायकेला के राशन गोदाम, ले रहे पाई – पाई का हिसाब – अधिकारियों में मची हड़कंप
सरायकेला – खरसावां। सूबे के स्वास्थ्य एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री बन्ना गुप्ता इन दिनों एक्शन मोड पर हैं। खाद्य आपूर्ति विभाग की जिम्मेदारी मिलने के बाद वह लगातार राशन गोदाम में जाकर औचक निरीक्षण कर रहे हैं। आज कदमा, जमशेदपुर स्थित अपने आवासीय कार्यालय में आम जनता के समस्याओं को निपटाने के बाद औचक निरीक्षण के लिए निकलकर सीधे सरायकेला पहुंचे हैं। मंत्री बन्ना गुप्ता सरायकेला के प्रखंड मुख्यालय स्थित जेएसएफसी के गोदाम पर अचानक दस्तक दे दिया और औचक निरीक्षण शुरू कर दिया है। इससे अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि मंत्री बन्ना गुप्ता गोदाम के प्रभारी से पाई – पाई का हिसाब ले रहे हैं। मंत्री खाद्य सामग्रियों के भंडारण, उसकी सुरक्षा, रख रखाव, गोदाम की भंडारण क्षमता, वर्तमान में राशन भंडार की स्थिति की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने गोदाम में रखे नमक पैकेट की जांच की। यह भी बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ महीनों के राशन वितरण का विवरण को भी खंगाल रहे हैं। पुराने पंजी की जांच में जुटे हैं।
उधर, सरायकेला में मंत्री के पहुंचने और जेएसएफसी गोदाम में औचक निरीक्षण की जानकारी होने के बाद जिला मुख्यालय, प्रखंड मुख्यालय, सदर अस्पताल, सरायकेला थाना के तमाम अधिकारी व कर्मी अलर्ट मोड में आ गए हैं।