चांडिल : बीच मंझधार में फंसी महिला, शादी का झांसा देकर प्रेमी हुआ फरार तो पति ने भी अपनाने से किया इंकार – कौन दिलाएगा न्याय?
चांडिल। सरायकेला – खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में एक महिला को इश्क का ऐसा भूत चढ़ा था कि अब खुद ही बीच मंझधार में फंस गई हैं और न्याय की भीख मांगती फिर रही हैं। एक तरफ महिला को चार बच्चे और पति है तो दूसरी तरफ उसका फरार प्रेमी है। अब महिला न्याय के लिए दर दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं, क्योंकि उसका प्रेमी फरार और पति ने भी अपनाने से किया इंकार।
मामला चांडिल थाना क्षेत्र के गांव करनीडीह टोला भुईयाडीह का है। बताया जा रहा है कि महिला को चार बच्चे हैं और वह भुईयाडीह स्थित अपने मायके में रहती थी। अब महिला ने गांव के ही डाक्टर लायक के ऊपर शादी का झांसा देकर धोखा देने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि लंबे समय से गांव के डाक्टर लायक के साथ महिला का प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बीच डॉक्टर लायक और महिला ने शारीरिक संबंध भी बनाए हैं। जबकि, डाक्टर लायक भी पहले से शादीशुदा है। पीड़ित महिला के अनुसार बीते कुछ दिन पहले आरोपी डाक्टर लायक शादी करने के लिए उसे अपने साथ ले गया था। इस दौरान चार दिन तक दोनों साथ में रहे और शारीरिक संबंध बनाया। जब इस बात की जानकारी आरोपी डाक्टर लायक के घरवालों को हुई तो उन्होंने पीड़ित महिला को छोड़ने का दबाव बनाया, जिसपर डाक्टर लायक ने महिला को छोड़कर फरार हो गया है। इसके बाद पीड़ित महिला दर दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं। वह जिला परिषद, मुखिया, ग्रामप्रधान, पुलिस से न्याय दिलाने की गुहार लगा रही हैं।
बताया जा रहा है बीते शुक्रवार को गांव के महिलाओं को मामले की जानकारी मिली तो महिला समूह के सदस्यों ने पीड़िता के साथ मुलाकात की और पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद महिलाओं ने आरोपी डाक्टर लायक के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की तथा पीड़ित महिला को अपनाने को कहा था। जिसपर डाक्टर लायक के परिवार के सदस्यों ने महिला को अपनाने से साफ मना कर दिया। वहीं, महिलाओं ने फोन पर डाक्टर लायक से बात की तो उसने भी अपने प्रेमिका (महिला) को अपनाने से मना कर दिया है।
इधर, जब महिला के पति को पूरे मामले की जानकारी हुई तो उसने भी अब अपनी पत्नी को अपनाने से इंकार कर दिया है। शनिवार शाम को भुईयाडीह गांव में मामले को लेकर ग्रामीणों ने बैठक की। बैठक में मुखिया प्रतिनिधि समेत ग्रामप्रधान तथा सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे। इस दौरान महिलाओं ने बताया कि शुक्रवार को सभी लोग पीड़ित महिला को लेकर चांडिल थाना गए थे। थाना में पूरे मामले की जानकारी दी गई और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की गई थी लेकिन चांडिल पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने से मना कर दिया। वहीं, बताया गया कि पुलिस ने मामले को लेकर कोर्ट में जाने का सुझाव दिया है। बिना एफआईआर दर्ज करके ही पीड़िता समेत महिलाओं को चांडिल पुलिस ने लौटा दिया है। महिलाओं ने कहा यदि रविवार तक आरोपी डाक्टर लायक उसके प्रेमिका (महिला) से शादी नहीं करता है तो उसके घर का घेराव करेंगे। वहीं, पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए एसपी कार्यालय के सामने प्रदर्शन करेंगे।
अब देखने वाली बात होगी कि महिला को बीच मंझधार से कौन बाहर निकालेगऔर उसको न्याय दिलाने का प्रयास करेगा। इस मामले में आखिर कौन दोषी है और कौन निर्दोष है, इसका निर्णय तो अदालत ही कर सकती हैं। फिलहाल महिला को अपनाने वाला कोई नहीं है। महिला का प्रेमी फरार है और उसने अपना पल्ला झाड़ लिया है। दूसरी तरफ महिला के पति को जब अपनी पत्नी की प्रेम संबंध की जानकारी हुई तो उसने भी अपनाने से इंकार कर दिया है।