झारखंड : ईडी की छापेमारी हुई पूरी, कुल 35.23 करोड़ नकद बरामद – मंत्री आलमगीर आलम से जुड़ा है इस छापेमारी का संबंध
रांची। ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) की कार्रवाई की वजह से आज दिनभर झारखंड चर्चाओं में रहा। पूरे भारत में झारखंड की चर्चाएं होती रहीं। वहीं, ईडी की कार्रवाई से राजनीतिक पारा चढ़ गया है। दरअसल, आज सुबह ही ईडी ने झारखंड के कई जगहों पर छापेमारी की। इस दौरान राजधानी में भारी मात्रा में नकद राशि बरामद किया गया है। बताया जाता है कि झारखंड सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम के निजी सचिव संजीव लाल के नौकर के घर से भारी मात्रा में ईडी ने नकद राशि बरामद किया है। सुबह से देर रात तक नोटों की गिनती हुई, इसके लिए कई मशीनों का मदद लिया गया। सभी नोटों की गिनती में कुल 35. 23 करोड़ रुपये बरामद हुए हैं। ईडी का मानना है कि यह काली कमाई की राशि है।