सांसद संजय सेठ के खिलाफ झामुमो नेता सुखराम हेम्ब्रम ने खोला मोर्चा, कहा – पांच साल के कार्यकाल में ईचागढ़ विधानसभा की जनता को क्या मिला? पढ़ें पूरी खबर
चांडिल। रांची लोकसभा के सांसद एवं एनडीए प्रत्याशी संजय सेठ ने अपना नामांकन दाखिल कर लिया है। अब राजनीतिक सरगर्मी परवान चढ़ने लगी हैं। इधर, झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता सुखराम हेम्ब्रम ने भाजपा सांसद संजय सेठ के खिलाफ मोरचा खोल दिया है। सुखराम हेम्ब्रम ने कहा कि पांच साल के कार्यालय में सांसद संजय सेठ ने ईचागढ़ विधानसभा के लिए कुछ नहीं किया है। क्षेत्र के किसान, मजदूर, गरीब, युवाओं के लिए सांसद ने कोई काम नहीं किया है, सांसद की एक भी उपलब्धि नहीं है। उक्त बातें चांडिल स्थित अपने कार्यालय में सुखराम हेम्ब्रम ने कहा।
उन्होंने कहा कि चांडिल बाजार में बजबजाती नालियों की समस्या का समाधान क्यों नहीं हुआ? गंदे पानी को लांघते हुए चांडिल वासियों को हर तरह के पवित्र पूजा – पर्व में जाना मजबूरी बन गई हैं। उन्होंने कहा कि सांसद संजय सेठ ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी कोई काम नहीं किया, शिक्षा व्यववस्था में सुधार के लिए कभी प्रयास नहीं किया तो आखिर जनता उन्हें क्यों वोट देगी? सुखराम हेम्ब्रम ने सवाल खड़े करते हुए कहा है कि क्या सांसद संजय सेठ के संसदीय क्षेत्र में चांडिल नहीं है? आखिर चांडिल की अनदेखी करने के पीछे क्या कारण है? उन्होंने कहा कि पिछले पांच साल में चांडिल की दुर्दशा खराब होने के पीछे सांसद संजय सेठ की अकर्मण्यता ही मूल कारण है। सुखराम हेम्ब्रम ने दावा किया है कि ईचागढ़ विधानसभा की जनता सांसद संजय सेठ के कार्यशैली से नाराज हैं और इस लोकसभा चुनाव में रिकॉर्ड मतों से जनता उन्हें हराने का काम करेगी। इस मौके पर दुखु सिंह मुंडा, कृष्णा महतो, भास्कर टुडू आदि मौजूद थे।