सहयोगी दल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर दूसरी बार जीत हासिल करने के लिए सांसद संजय सेठ पहुंचे आजसू प्रधान कार्यालय
2019 लोकसभा चुनाव की तरह ही 2024 के चुनाव में भी भाजपा ने जीत हासिल करने की रणनीति बनाई है। झारखंड प्रदेश में भाजपा अपने एकमात्र सहयोगी दल आजसू के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चुनावी समर में उतरी हैं। वहीं, 2019 के लोकसभा चुनाव की तरह ही आजसू भी पूरे लगन से गठबंधन धर्म का पालन कर रही हैं। आजसू सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में लगातार जनसभा, कार्यकर्ता सम्मेलन समेत छोटी छोटी बैठकें कर रहे हैं।
भले ही एनडीए गठबंधन में आजसू को एकमात्र गिरिडीह सीट मिली हैं लेकिन सुदेश कुमार महतो गिरिडीह सीट से ज्यादा राज्य के उन सीटों पर अधिक सक्रिय हैं जहां भाजपा के प्रत्याशी चुनावी मैदान में है। वह लगातार अलग अलग लोकसभा क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं। ताबड़तोड़ कार्यक्रम करके सुदेश महतो आजसू के कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम कर रहे हैं और हर कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को दायित्व दे रहे हैं। हाल के दिनों में सुदेश कुमार महतो ने रांची, हजारीबाग, खूंटी, सिंहभूम, जमशेदपुर सीट के आजसू कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में शामिल हुए। इसमें सबसे ज्यादा खूंटी लोकसभा सीट पर वह सक्रिय हैं। खूंटी लोकसभा के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर अपने पार्टी के कार्यकर्ताओं को भी सक्रिय कर रहे हैं। वहीं, खूंटी लोकसभा के भाजपा प्रत्याशी अर्जुन मुंडा के नामांकन में भी शामिल हुए। अर्जुन मुंडा के नामांकन सभा को भी सुदेश कुमार महतो ने संबोधित किया।
इधर, रांची लोकसभा के भाजपा सांसद संजय सेठ भी अपने सहयोगी दल आजसू के साथ कंधे से कंधा मिलाकर दूसरी बार जीत हासिल करना चाहते हैं। मंगलवार को संजय सेठ ईचागढ़ विधानसभा के दौरे पर थे। इस दौरान चांडिल प्रखंड के चिलगु स्थित आजसू पार्टी के प्रधान कार्यालय पहुंचकर सांसद सेठ ने आजसू केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो के साथ मुलाकात की। इस दौरान भाजपा और आजसू दोनों दल के प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद थे। सांसद संजय सेठ ने करीब दो घंटे तक आजसू नेता हरेलाल महतो के साथ बातचीत की। चुनावी रणनीति पर चर्चा की और साझा चुनाव प्रचार का प्लान तैयार किया।
सांसद संजय सेठ ने कहा कि भाजपा और आजसू के कार्यकर्ता आपसी तालमेल बनाकर पिछले बार की तरह इस बार भी चुनाव प्रचार करेंगे। उन्होंने कहा कि आजसू और भाजपा पूरी मजबूती के साथ झारखंड प्रदेश में लोकसभा चुनाव लड़ रही हैं और प्रदेश की सभी 14 लोकसभा सीट पर जीत हासिल करेगी, इसमें किसी भी प्रकार के किंतु परंतु का प्रश्न ही नहीं है। उन्होंने बताया कि उनके नामांकन में बड़ी संख्या में दोनों दलों के नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। वहीं, आजसू केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर पूरे भारत वासियों को विश्वास है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को विश्व के पटल पर एक विशेष पहचान और महत्व मिला है। उन्होंने कहा कि आजसू के एक एक कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ इस चुनाव में दिखाई देंगे।