नीमडीह : हाथी को चपेट में आकर युवती घायल
चांडिल। नीमडीह थाना क्षेत्र के कादला गांव में आज भोर को जंगली हाथियों की चपेट में आकर एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि कादला गांव के टोला सालटांड निवासी गुनिता महतो भोर करीब पांच बजे घर से बाहर निकली थी। इस दौरान उसके घर के सामने तीन हाथी मौजूद थे, जिसमें से एक हाथी ने सूंड से गुनिता महतो को लपेटकर फेंक दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद तत्काल स्थानीय लोगों ने घायल गुनिता महतो को नीमडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। घटना की सूचना पर वनपाल राणा कुमार मौके पर पहुंचे और जांच की। वहीं, चांडिल रेंजर ने घायल युवती के इलाज के लिए दस हजार रुपये नकद राशि भुगतान किया है।
बताया जा रहा है कि नीमडीह के कादला, बांदु, जुगीलौंग आदि क्षेत्र में कल शाम से तीन हाथी विचरण कर रही हैं। हाथियों द्वारा किसानों के सब्जियों को नष्ट किया गया है। आज अहले सुबह सालटांड निवासी युवती गुनिता महतो हाथी के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। हाथियों के आंतक से ग्रामीण बीते कुछ साल से काफी परेशानी में है। वहीं, हाथियों पर नियंत्रण नहीं रखने से वन विभाग के प्रति ग्रामीणों की नाराजगी है।