जमशेदपुर : 53 किलोग्राम गांजा के साथ छह धराए – बस का पीछा करके पुलिस ने नेशनल हाईवे से तस्करों को पकड़ा
जमशेदपुर। जमशेदपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा कारोबार का भंडाफोड़ किया है। वहीं, 53 किलोग्राम गांजा बरामद करने के साथ ही छह लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए सभी गांजा तस्कर बिहार के विभिन्न जिलों में रहने वाले लोग हैं। आज सिटी एसपी मुकेश लुनायत प्रेस कांफ्रेंस में मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि बस में सवार होकर तस्करों द्वारा ओडिशा से गांजा लाया जा रहा है, जिसे बिहार ले जाया जाएगा। गुप्त सूचना के आधार पर डीएसपी हेडक्वार्टर – 1 के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित किया था। पुलिस ने सूचना के आधार पर मानगो बस स्टैंड पर छापेमारी की, जहां से राजीव कुमार यादव नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। उसकी तलाशी ली गई तो सात किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। वहीं, राजीव कुमार यादव से त्वरित पूछताछ में पता चला कि कुछ ही देर पहले बिहार के बेतिया जाने वाली बस में सवार होकर उसके पांच साथी गांजा लेकर निकले हैं। पुलिस ने विलंब न करते हुए बस का पीछा किया और बस को नेशनल हाईवे पर रोकने में सफल हुआ। बस में सवार पांच तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया तथा उनके पास से 46 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने जिन छह गांजा तस्करी को गिरफ्तार किया है, उनमें राजीव कुमार यादव, सुनील कुमार बैठा, सुमित कुमार, गौरव कुमार, राजकुमार, राजेश कुमार शामिल हैं। ये लोग उड़ीसा से बिहार तक अवैध रूप से गांजा तस्करी का काम करते हैं।