चांडिल : सड़क दुर्घटना में महिला की मौत, पति व बेटी गंभीर और पोती सुरक्षित
चांडिल। आज दोपहर को चौका थाना क्षेत्र के दुबराजपुर में नेशनल हाईवे पर दुर्घटना में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, महिला के पति तथा उसकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गया है, जबकि महिला की पोती बिल्कुल सुरक्षित है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ईचागढ़ थाना क्षेत्र के पाटपुर निवासी गुरुचरण सिंह मुंडा, उसकी पत्नी आशा सिंह मुंडा, बेटी जोबा सिंह मुंडा तथा छह माह की पोती मोटरसाइकिल सवार होकर चांडिल आ रहे थे। वह चौका मोड़ की ओर से मुखिया होटल तरफ जा रहे थे। चौका थाना क्षेत्र के दुबराजपुर में विपरीत दिशा में स्थित पेट्रोल पंप जाने के लिए सड़क क्रॉस करने के दौरान मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और सभी सड़क पर गिर गए। इसी दौरान तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने तीनों को कुचल दिया। तेज रफ्तार वाहन के कुचले जाने से आशा सिंह मुंडा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, गुरुचरण सिंह मुंडा तथा उसकी बेटी जोबा सिंह मुंडा को गंभीर चोटें आई है, जबकि छह माह का बच्चा बिल्कुल सुरक्षित है। दुर्घटना को अंजाम देने वाली वाहन मौके से फरार होने में सफल रहा। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चौका पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने घायलों को चांडिल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार कराया, जहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए एमजीएम भेज दिया। वहीं, मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया। उधर, दुर्घटना के बाद फरार वाहन की तलाश में पुलिस जुट गई हैं।
परीक्षा दिलाने सिंहभूम कॉलेज जा रहे थे
बताया जा रहा है कि मृतका आशा सिंह मुंडा की बेटी जोबा सिंह मुंडा स्नातक हिंदी ऑनर्स की छात्रा हैं। इस समय चांडिल सिंहभूम कॉलेज में परीक्षा चल रही हैं। उसे परीक्षा दिलाने के लिए उसकी मां आशा सिंह मुंडा तथा पिता गुरुचरण सिंह मुंडा सभी एकसाथ मोटरसाइकिल सवार होकर ईचागढ़ से चांडिल आने के दौरान दुर्घटना घटी है। इस दौरान छात्रा जोबा सिंह मुंडा की छह माह की बेटी भी थी, लेकिन वह सुरक्षित है।