शिबू सोरेन की पुत्रवधु सीता सोरेन ने पार्टी के बाद अब विधायक पद से भी दिया इस्तीफा – भाजपा में जाने की अटकलें तेज
डेस्क। झारखंड मुक्ति मोर्चा के जामा विधायक सीता सोरेन ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दी है। वहीं, अब विधायक पद से भी इस्तीफा दिया है, उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष को अपना इस्तीफा भेजा है। विधानसभा अध्यक्ष को भेजे इस्तीफे में कहा है कि “विभिन्न कारणों से झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दी हूँ। मैं झारखंड मुक्ति मोर्चा के सिंबल पर जामा विधानसभा क्षेत्र वर्तमान में विधायक हूँ। नैतिकता का तकाजा है कि पार्टी छोड़ने से उत्पन्न परिस्थितियों को मद्देनजर रखते हुए विधायक पद का भी परित्याग कर रही हूँ। मैं इन्हीं कारणों से झारखंड विधानसभा के सदस्यता से इस्तीफा देती हूँ।” हालांकि सूत्रों का कहना है इस समय सीता सोरेन दिल्ली में है। उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही हैं, जिससे झारखंड के राजनीतिक पारा चढ़ गया है। माना जा रहा है कि भाजपा दुमका से सीता सोरेन को लोकसभा चुनाव में उतार सकती हैं। हालांकि, झामुमो और झारखंड विधानसभा अध्यक्ष दोनों ने अबतक किसी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अबतक सीता सोरेन के इस्तीफे को स्वीकार नहीं किया गया है।