INDIA गठबंधन को लगा बड़ा झटका, शिबू सोरेन की पुत्रवधू सीता सोरेन ने झामुमो से दिया इस्तीफा
डेस्क। जैसे – जैसे लोकसभा चुनाव नजदीक आ रहा है, झारखंड में इंडिया गठबंधन को एक के बाद एक तगड़ा झटका लग रहा है। लोकसभा चुनाव के तरीकों की घोषणा से कुछ दिन पहले ही सिंहभूम से कांग्रेस की सांसद गीता कोड़ा ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर लिया है। वहीं, भाजपा ने सिंहभूम सीट से गीता कोड़ा को प्रत्याशी भी घोषित कर दिया है। अब संथाल परगना में इंडिया गठबंधन को आज सुबह सुबह तगड़ा झटका लगा है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष शिबू सोरेन की पुत्रवधु एवं जामा के झामुमो विधायक सीता सोरेन ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। सीता सोरेन ने शिबू सोरेन को अपना इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने इस्तीफे में अपना दुख बयां किया है।
बता दें कि मंत्रिमंडल में जगह नहीं दिए जाने के कारण सीता सोरेन हेमंत सरकार से नाराज चल रही थी। पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के जेल जाने के बाद चंपई सोरेन को सूबे के मुख्यमंत्री बनाए जाने पर भी सीता सोरेन को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिली। सीता सोरेन अक्सर अपने ही पार्टी और सरकार के खिलाफ आवाज उठा कर सुर्खियों में रहती हैं। अब उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, अभी तक केंद्रीय अध्यक्ष शिबू सोरेन अथवा पार्टी की ओर से इस्तीफा स्वीकार किया गया है अथवा नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।