विश्वरूप पांडा की रिपोर्ट
दलमा में चाकूबाजी करने वाला गैंग धराया, ग्रामीणों ने पुलिस को सौंपा
चांडिल। थाना क्षेत्र के फदलोगोड़ा में बीती रात को चाकूबाजी में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल युवक फदलोगोड़ा का रहने वाला है। घायल कृष्णा सिंह मुंडा को टीएमएच जमशेदपुर में भर्ती कराया गया है। आज स्थानीय लोगों ने चाकूबाजी करने वाले गैंग को पकड़ लिया है। वहीं, चाकूबाजी गैंग के बदमाशों को चांडिल पुलिस को सौंप दिया है।
दलमा में शिव पूजा के लिए जाने के दौरान स्थानीय युवक को चाकू मारकर घायल किया
महाशिवरात्रि में फदलोगोड़ा के पैदल मार्ग से होकर श्रद्धालु दलमा पहाड़ की चोटी तक चढ़ते हैं। दलमा की चोटी पर अवस्थित भगवान शिव मंदिर में श्रद्धालु जलाभिषेक करते हैं। बीती रात को हजारों की संख्या में श्रद्धालु फदलोगोड़ा के रास्ते से दलमा पहाड़ चढ़े हैं। श्रद्धालुओं की सेवा और सहायता के लिए स्थानीय लोग मौजूद रहते हैं। बीती रात को श्रद्धालुओं को रास्ता दिखाने के लिए वहां पर मौजूद स्थानीय युवक कृष्णा सिंह मुंडा को कुछ बदमाशों ने चाकू मारकर घायल कर दिया है।
बताया जा रहा है कि दलमा पहाड़ चढ़ने के रास्ते में सुवर्णरेखा कैनाल आता है, उक्त रास्ते से जाने में श्रद्धालुओं को काफी खतरा रहता है। कैनाल के ऊपर से जाने पर नीचे गिरने का खतरा बना रहता है। ऐसे में जमशेदपुर के कुछ युवक कैनाल के ऊपर से जाने का प्रयास कर रहा था लेकिन स्थानीय युवक कृष्णा सिंह मुंडा ने उन्हें मना किया और कैनाल के नीचे से जाने को कहा था। इसी बात को लेकर नशे में धुत जमशेदपुर के युवकों ने चाकू मारकर कृष्णा सिंह मुंडा को गंभीर रूप से घायल कर दिया और वहां से दलमा की ओर फरार हो गया था। आज दोपहर को दलमा से लौटने के दौरान स्थानीय लोगों ने हमलावरों को पहचान लिया और उन्हें घेरकर पकड़ लिया। ग्रामीणों ने हमलावरों को चांडिल पुलिस को सौंप दिया है। हमलावरों के पास से कई तरह से धारदार हथियार एवं एक पिस्टल पाया गया है। हालांकि, लोग उसे नकली पिस्टल बता रहे हैं। चांडिल पुलिस सभी हमलावरों को पकड़ कर थाने ले गई हैं, जहां पूछताछ की जा रही हैं। हालांकि, चाकूबाजी के आरोप में पकड़ाए युवकों ने कहा है कि उन्होंने किसी के साथ लड़ाई झगड़े नहीं किए हैं, किसी और ने यह हमला किया है। उधर, कृष्णा सिंह मुंडा की हालत गंभीर बताया जा रहा है। टीएमएच जमशेदपुर में नाजुक हालत में उसका इलाज चल रहा है।