शपथ लेने के बाद पहली बार अपने पैतृक गांव पहुंचे टाइगर मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, ग्रामीणों ने किया जोरदार स्वागत
गम्हरिया। सूबे के सीएम पद की शपथ ग्रहण करने के बाद झारखंड टाइगर के रूप में प्रसिद्ध जननेता सीएम चंपई सोरेन आज पहली बार अपने पैतृक गांव पहुंचे। सरायकेला- खरसावां जिला के गम्हरिया प्रखंड स्थित अपने पैतृक गांव जिलिंगगोड़ा में पहली बार उनका आगमन हुआ। इस अवसर पर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का पारंपरिक तरीके से अभिवादन और स्वागत किया। ग्रामीणों ने गाजे बाजे से मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने अमर वीर शहीद डीबा – किशुन एवं जागेश्वर टुडू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं, मुख्यमंत्री ने जाहेर स्थान में पारंपरिक विधि-विधान से पूजा -अर्चना कर राज्य की उन्नति और राज्यवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। पहली बार अपने गृह जिला सरायकेला – खरसावां पहुंचने पर आज जिला प्रशासन ने भी सीएम चंपई सोरेन का गर्मजोशी से स्वागत किया। डीसी रविशंकर शुक्ला तथा पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार के नेतृत्व में जिला के अधिकारियों ने सीएम को गुलदस्ता देकर स्वागत किया। वहीं, जिला पुलिस ने सीएम को गार्ड ऑफ ऑनर दी।