मोदी सरकार की आखरी बजट में देश की तीन करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य
डेस्क। आज मोदी सरकार का अंतिम बजट पेश किया गया। बजट भाषण में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि पिछले 10 वर्ष में भारतीय अर्थव्यवस्था में अभूतपूर्व परिवर्तन आया है। 2014 में देश भारी चुनौतियों का सामना कर रहा था, सरकार ने उन चुनौतियों पर काबू पाया और संरचनात्मक सुधार किए हैं।
हालांकि, इस बजट में करदाताओं को कोई नई छूट नहीं दी गई है। इनकम टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं किया गया है। जबकि, स्टार्टअप के लिए टैक्स छूट एक साल के लिए बढ़ाई गई है।
निर्मला सीतारमण ने कहा कि करीब एक करोड़ महिलाएं लखपति दीदी बनी हैं, अब तीन करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य है। चार करोड़ किसानों को फसल बीमा का फायदा मिला है। औसत वास्तविक आमदनी 50 फ़ीसदी बढ़ी है। जीएसटी से वन नेशन वन मार्केट वन टैक्स संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि भारत ने मुश्किल वक्त में जी-20 की अध्यक्षता की, अमृतकाल में हमारी सरकार ऐसी नीतियों को अपनाएगी, जिससे सभी का विकास हो। हम रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म के रास्ते पर चलेंगे।
पीएम स्वनिधि ने 78 लाख स्ट्रीट वेंडरों को ऋण सहायता प्रदान की गई है, उनमें से कुल 2.3 लाख को तीसरी बार ऋण प्राप्त हुआ है। सौर प्रणाली वाले एक करोड़ परिवारों को 300 यूनिट बिजली मुफ्त की योजना लाएंगे, जिससे मध्यम आय वर्ग के लोग अपना घर खरीद सकेंगे और बना सकेंगे। सरकार और भी मेडिकल कॉलेज बनाएगी, मौजूदा अस्पतालों के इंफ्रास्ट्रक्चर का इस्तेमाल होगा। सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए 9-14 साल की बच्चियों का टीकाकरण होगा। आयुष्मान भारत का फायदा अब सभी आशा वर्कर्स, आंगनवाड़ी वर्कर्स को मिलेगा। पीएम स्वनिधि ने 78 लाख स्ट्रीट वेंडरों को लोन सहायता प्रदान की है, उनमें से कुल 2.3 लाख को तीसरी बार ऋण प्राप्त हुआ है।
रेलवे में हाई ट्रैफिक कॉरिडोर बनाए जाएंगे, जिससे स्पीड और सुरक्षा बढ़ेगी। 40 हज़ार रेलवे की बोगियों को वंदे भारत श्रेणी का बनाया जाएगा। एयरपोर्ट की संख्या 10 साल में डबल होकर 149 हो गई हैं।
11.1 लाख करोड़ के खर्च से देश के व्यापार में होगी जबरदस्त वृद्धि : सोंथालिया
जमशेदपुर। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन द्वारा आज संसद में पेश किए गए वोट ऑन अकाउंट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन का “ प्रोग्रेसिव दस्तावेज” है, जो देश के भविष्य के विकास का दर्शन कराता है। उक्त बातें कनफ़ेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स ( कैट) के राष्ट्रीय सचिव सुरेश सोंथालिया ने कहा है। उन्होंने अंतरिम बजट को लेकर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि 11.1 लाख करोड़ रुपये का सबसे अधिक कैपेक्स देश के बाज़ारों में बड़ा व्यापार लगेगा। वहीं लॉजिस्टिक कॉरिडोर बनाने तथा रेलवे की माल ढुलाई की अधिक सक्षम बनाने से माल की आवाजाही और अधिक सरलता से होगी, जिससे व्यापार में वृद्धि होगी। इससे देश भर के व्यापारियों का व्यापार बढ़ेगा।
सोंथालिया ने कहा कि 11.1 लाख करोड़ के खर्च से देश में विभिन्न परियोजनाओं से व्यापार बढ़ेगा। वहीं, बड़े पैमाने पर रोज़गार भी बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि इससे विकास की गति में सुधार होगा और यह खर्च समाज में बढ़ते उत्पादन और सेवाओं की गति में सुधार के माध्यम से विकास को बढ़ावा देगा। उन्होंने कहा कि इस राशि से देश भर में अधिक निर्माण कार्य होंगे, जिसके चलते विभिन्न क्षेत्रों में नई आधारिक सुविधाएं बनाने के लिए खर्च का उपयोग हो सकता है। इससे बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर बनेगा और उससे भी व्यापार में वृद्धि होगी। उन्होंने यह भी कहा कि उससे उत्पादन में वृद्धि होगी तथा यह खर्च उत्पादन को बढ़ावा देने और विभिन्न उद्यमों को समर्थन करने के माध्यम से व्यापार में वृद्धि की स्थिति में सुधार कर सकता है।