- हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी से फूटा आदिवासियों का आक्रोश, किया टाटा – रांची नेशनल हाईवे जाम
चांडिल। कल शाम को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को गिरफ्तार किए जाने से राज्य के आदिवासियों में आक्रोश व्याप्त है। हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी से आक्रोशित झामुमो कार्यकर्ताओं एवं आदिवासियों द्वारा आज झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों में झारखंड बंद कराने सड़कों पर उतरे हैं। सरायकेला के राजनगर में बड़ी संख्या में आदिवासी समुदाय के लोगों ने राजनगर – चाईबासा सड़क को जाम कर दिया है। सड़क पर टायर जलाकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की जा रही हैं।
इधर, चांडिल थाना क्षेत्र के चिलगु में टाटा – रांची नेशनल हाईवे को आदिवासियों ने जाम कर दिया था। हालांकि, आधे घंटे बाद ही पुलिस ने जाम हटवा दिया। तीर कमान, फारसा, तलवार इत्यादि पारंपरिक हथियारों के साथ आदिवासी समुदाय के पुरुषों के साथ साथ महिलाएं भी नेशनल हाईवे पर मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों द्वारा नरेंद्र मोदी मुर्दाबाद, भाजपा मुर्दाबाद आदि के नारे लगाए गए। हालांकि, सड़क जाम की सूचना पर चांडिल पुलिस चिलगु पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझा बुझाकर जाम हटवा दिया। फिलहाल टाटा – रांची नेशनल हाईवे पर आवागमन सामान्य है।
आदित्यपुर – गम्हरिया में आंशिक बंद
सरायकेला – खरसावां जिले के आदित्यपुर, गम्हरिया एवं कांड्रा क्षेत्र में झारखंड बंद का असर खास नहीं है। इन क्षेत्रों में बंद का आंशिक असर देखने को मिल रहा है। जहां अधिकांश प्रतिष्ठान खुले हैं, जबकि बसें बंद हैं। 50 प्रतिशत ऑटो भी चल रही हैं।