झारखंड आंदोलनकारियों को एक मंच पर आने का समय आया है : सुखराम हेम्ब्रम
चांडिल। आज चांडिल बाजार स्थित होटल राहुल पैलेस में झारखण्ड आंदोलनकारी अधिकार समिति की बैठक हुई। यह बैठक आगामी 5 फरवरी को नीमडीह प्रखंड के रघुनाथपुर स्थित वन विश्रामगृह में आयोजित कार्यक्रम की सफलता को लेकर हुई। आगामी 5 फरवरी को आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के झारखंड आंदोलनकारियों का जुटान होगा, जहां अलग झारखंड आंदोलन के पुराने यादों को ताजा किया जाएगा। आज तैयारी बैठक में समिति के सदस्यों को विभिन्न प्रकार का दायित्व सौंपा गया।
इस संबंध में झामुमो के वरिष्ठ नेता सह झारखंड आंदोलनकारी अधिकार समिति के संस्थापक सदस्य सुखराम हेम्ब्रम ने कहा कि जिन लोगों ने संघर्ष करके अलग झारखंड दिलाई है, अब फिर एक बार उन तमाम आंदोलनकारियों को एक मंच पर आने का समय आ गया है। वर्तमान समय में आंदोलनकारियों के उचित सम्मान और रोजगार के लिए समिति काम करेगी, इसके लिए आगामी 5 फरवरी को आयोजित कार्यक्रम में विस्तार से चर्चा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार से आंदोलनकारियों के लिए पेंशन के अलावा विभिन्न सुविधा उपलब्ध कराने की मांग करेंगे। वहीं, आगामी चुनावों में आंदोलनकारियों की क्या भूमिका होगी, इसपर रणनीति तैयार किया जाएगा।