जमशेदपुर। आज अयोध्या रामजन्मभूमि में श्रीराम के प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर देशभर में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जगह – जगह पूजन – हवन, शोभायात्रा, भंडारे का आयोजन किया गया। चंहुओर भगवा ध्वज लहराए गए। सभी राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के लोग आज भक्तिभाव से श्रीराम की पूजा अर्चना की, विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए। आज भगवा रंग में डूबने में हिंदू धर्म को मानने वाले सभी गौरवांवित हुए। आज प्रभु श्रीराम के जयकारे लगाने में कोई भी पीछे नहीं रहा।
इस बीच जमशेदपुर वासियों को सूबे के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने चौंका दिया। मंत्री बन्ना गुप्ता न केवल कार्यक्रमों में शामिल हुए, बल्कि स्वयं भी भगवा रंग में डूब गए। सोमवार को मानगो कांग्रेस पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष ईश्वर सिंह के नेतृत्व में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
मानगो डिमना रोड से राजस्थान भवन तक निकली शोभायात्रा में मंत्री बन्ना गुप्ता ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। यहां बन्ना गुप्ता ने भगवा ध्वज लेकर जोर शोर से जय सिया राम के जयकारे लगाए। उन्होंने भगवा अंगवस्त्र धारण कर घोड़े पर होकर भगवा ध्वज लहराया। तो कभी गदा पकड़कर हनुमानजी के साथ फोटो खिंचवाई। मंत्री बन्ना गुप्ता को उस समय देख कर क्षण भर के लिए हर कोई सोच में पड़ गया था।