चांडिल। श्री राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के शुभ अवसर पर सोमवार को सार्वजनिक श्री श्री नवदुर्गा पुजा कमिटी चौका द्वारा समारोह आयोजित कर श्रीराम मंदिर निर्माण के आंदोलनों में अहम भूमिका निभाने वाले कार सेवकों को सम्मानित किया गया। यहां ईचागढ़ विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी हिकिम चंद्र महतो समेत 15 कार सेवक को श्री श्री नवदुर्गा पूजा कमिटी की ओर से सम्मानित किया गया। इसके पूर्व चौका मोड़ से गाजे बाजे के साथ कार सेवकों को स्वागत कर समारोह स्थल तक लाया गया।
इस मौके पर राम भक्तों ने आतिशबाजी की। सभी कार सेवकों एवं श्रद्धालुओं ने श्री श्री नव दुर्गा मंदिर माता शक्ति रूपेण देवी दुर्गा के चरणों पर माथा टेका। इसके बाद मंच पर सभी कार सेवकों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर संबोधित करते हुए कार सेवक हिकिम चंद्र महतो ने कहा कि मर्यादा पुरोषत्तम राम के आदर्शो पर आज के मानव समाज को चलने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नौ दिन छोड़िए, यदि कोई व्यक्ति एक दिन रामायण लिखित प्रवचन सुनकर उन नियमों का पालन करते हैं तो वे निश्चित रूप से एक महा मानव के रूप में परिवर्तित होंगे। रामायण को सुनने के लिए मन में बजरंग बली की भक्ति होनी चाहिए। बजरंग बली के बिना राम अधूरा है और राम के बिना बजरंग बली अधूरा है। इस अवसर पर कार सेवक के रूप में हिकिम चंद्र महतो, असित कुंडू, शिबू चटर्जी, सीताराम सोरेन, दल गोबिंद सिंह मुंडा, कानगु राम महतो, रंजित प्रमाणिक, बुधु सिंह मुंडा, मंगल सिंह मुंडा, रमाकांत प्रमाणिक, मान गोविंद सिंह मुंडा, रामचंद्र सिंह, चैतन सिंह मुंडा, खगेन महतो समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।