चांडिल। आगामी 22 जनवरी को सरायकेला – खरसावां जिले के चांडिल में श्रीराम महोत्सव का आयोजन किया गया है। इसमें भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। वहीं, प्रभु श्रीराम का पूजा अर्चना, हवन, महाआरती, रामायण आधारित नृत्य नाटिका, महाभंडारा आदि कार्यक्रम शामिल हैं। इसके लिए श्री श्री 108 खेलाई चंडी बजरंग दल अखाड़ा ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है। शनिवार सुबह से ही चांडिल कॉलेज मोड़ स्थित बड़ा हनुमान मंदिर की साफ सफाई शुरू कर दी गई हैं। इसके अलावा चांडिल बाजार, बस स्टैंड, स्टेशन चौक तक भगवा रंग के झंडे और बनमाला लगाए जा रहे हैं। श्री श्री 108 खेलाई चंडी अखाड़ा से जुड़े लोगों ने कार्यक्रम की सफलता के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। आयोजक मंडली के सदस्यों ने श्रीराम महोत्सव में शामिल होने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों, व्यवसायियों समेत क्षेत्र के गण्य मान्य लोगों को आमंत्रित किया है।
श्रीराम महोत्व को लेकर अखाड़ा के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं में काफी उत्साह
आयोजक मंडली के सदस्य सह श्रीराम भक्त राकेश वर्मा ने बताया कि 22 जनवरी को आयोजित श्रीराम महोत्सव की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नाममात्र के कुछ कार्य शेष बचे हैं, उन्हें भी रविवार शाम तक पूरा कर लिया जाएगा। बड़ा हनुमान मंदिर में सोमवार सुबह नौ बजे से ही हवन एवं पूजन प्रारंभ हो जाएगा। वहीं, दोपहर दो बजे विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में रामायण से संबंधित झांकियां शामिल रहेगी। वहीं, बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं की उपस्थिति रहेगी। उन्होंने बताया कि शाम छह बजे चांडिल विवेकानंद केंद्र में शोभायात्रा संपन्न होने के बाद सामुहिक महाआरती होगी। विवेकानंद केंद्र में महाआरती संपन्न होने के बाद कोलकाता के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा रामायण आधारित नृत्य नाटिका की प्रस्तुति दी जाएगी। नृत्य नाटिका के साथ साथ श्रद्धालुओं के लिए महा भंडारा भी प्रारंभ कर दिया जाएगा, जो देर रात तक चलेगी। राकेश वर्मा ने बताया कि श्रीराम महोत्व को लेकर अखाड़ा के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं में काफी उत्साह है। यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। एतिहात के तौर पर पर्याप्त संख्या में पुरूष व महिला वॉलिंटियर्स तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा पुलिस बल की मौजूदगी रहेगी।