चांडिल : भुइयांडीह में मनाई गई भीमराव अंबेडकर की 134वीं जयंती
चांडिल। प्रखंड के भुइयांडीह में संविधान के जनक बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की 134वीं जयंती मनाई गई। यहां ग्रामीणों व महिला समूह के सदस्यों ने संयुक्त रूप से अंबेडकर जयंती मनाई। इस दौरान बड़ी संख्या में गांव के बच्चे भी थे। लोगों ने भुइयांडीह स्थित भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान संविधान निर्माता भीमराव आंबेडकर अमर रहें, भारतीय संविधान जिंदाबाद आदि के नारे लगाए गए। इस अवसर पर पूर्व उपमुखिया मुन्नी लायेक, आजसू नेता प्रवीण चंद्र महतो, बीरेन लायेक, कार्तिक लायेक, गणेश लायेक आदि मौजूद थे।
मौके पर प्रवीण चंद्र महतो ने कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ने संविधान निर्माण किया है, जिसमें सभी धर्म और जाति के लोगों को न्याय और उचित अधिकार का प्रावधान किया गया है। संविधान में हम भारतीय नागरिकों को वह तमाम अधिकार दिए हैं, जिससे कानून की रक्षा के साथ साथ मानव जाति का उत्थान हो सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सरकारें संविधान के मूल उद्देश्य के विपरीत काम कर रही हैं। भारत के लोकतंत्र को मजबूत रखने और देशवासियों के अधिकारों की रक्षा केवल संविधान का अनुपालन करके ही संभव है लेकिन सरकार और उनके अधीनस्थ अधिकारी संविधान का अनुपालन नहीं कर रहे हैं। प्रवीण चंद्र महतो ने कहा कि प्रत्येक भारतीय नागरिक को संविधान का अध्ययन करने की जरूरत है, तभी लोग अपना अधिकार जानेंगे और लड़ाई लड़ सकेंगे।